छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की छापेमारी के बीच प्रदेश में सियासत गरमा गई। सरकार ने शनिवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक को रद्द दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली रवाना होंगे और वहां इनकम टैक्स के छापों को लेकर कानूनी जानकारों से राय लेंगे। वे कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस पूरे प्रदेश में छापों के विरोध में प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस आयकर विभाग की कार्रवाई को गैर-कानूनी घोषित करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार देर शाम राज्यपाल अनुसूइया उइके से मिले थे। उन्होंने छापेमारी को राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप बताया था। मुख्यमंत्री ने इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी।