महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में बारिश और समुद्र में हाई टाइड से रेलवे ट्रैक डूब गया। इसके कारण शनिवार को ठाणे और पनवेल समेत कई मार्गों पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा। हजारों यात्री अलग-अलग स्टेशनों पर घंटों तक फंसे रहे। बीएमसी ने सेंट्रल मुंबई स्टेशन पर लोगों को खाना बांटा। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले दो दिन और गोवा-गुजरात में 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
महाराष्ट्र के 8 जिलों में बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। इनमें ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, कोल्हापुर, नंदुरबार, नासिक, गढ़चिरौली शामिल हैं। शनिवार सुबह रायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर तेज बारिश के बाद भूस्सखलन हुआ। खराब मौसम के बावजूद प्रशासन सड़क से मलबा हटाने की कोशिशों में जुटा रहा।
बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले 12 घंटे ( सुबह 9.30 बजे तक) तक दहिसर चेकनाका इलाके में 133.32 मिमी, बोरीवली रेलवे स्टेशन में 128, अंधेरी पूर्व में 90.40, मुंबई डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर 52.59 मिमी रिकॉर्ड की गई है। ठाणे के महानगर पालिका आयुक्त संजीव जायसवाल ने बताया कि शहर में 140 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के कारण मलाड सब-वे बंद कर दिया गया।
मुंबई में सीजन की 84% बारिश पूरी हर में अब तक मानसून सीजन की 84% बारिश हो चुकी है। स्काईमेट के प्रमुख महेश पलावत ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और बेहतरीन मानसून के चलते मुंबई, ठाणे और पालघर के इलाकों में अच्छी बारिश हुई है।
भारी बारिश से ओडिशा में अलर्ट
ओडिशा सरकार ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 5 जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए। राज्य के स्पेशल रिलीफ कमिश्नर (एसआरसी) ने मलकानगिरी, नबरंगपुर, कलाहांडी और नुआपाड़ा में बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना जताई है। मलकानगिरी में एहतियातन 3 से 5 अगस्त तक स्कूल बंद रखे जाएंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में कुछ स्थानों पर तेज और अलग-अलग स्थानों पर बहुत तेज वर्षा हो सकती है जबकि मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तटीय आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश होने के आसार हैं।